ग्राम जोरा सड़क हादसा: आरोपी वाहन की पहचान, धमतरी से स्कॉर्पियो बरामद
व्यवहारी पुलिस को बड़ी सफलता, सीसीटीवी और टोल फुटेज की मदद से आरोपी वाहन तक पहुंची टीम
शहडोल। दिनांक 09 मई 2026 की रात ग्राम जोरा में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के मामले में व्यवहारी पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। दुर्घटना में टिक्की ग्राम निवासी राहुल द्विवेदी एवं अतुल तिवारी की असमय मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपी वाहन की तलाश में जुटी हुई थी।

पुलिस द्वारा रीवा से लेकर शहडोल तक के विभिन्न टोल प्लाजा एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। लगातार किए गए अनुसंधान एवं तकनीकी जांच के बाद दुर्घटना में शामिल आरोपी वाहन की पहचान कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी वाहन सफेद रंग की स्कॉर्पियो है, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर CG 04 LF 3043 है। वाहन की लोकेशन ट्रेस कर छत्तीसगढ़ पुलिस की सहायता से उसे धमतरी क्षेत्र में चिन्हित किया गया।
व्यवहारी पुलिस ने बताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस के सहयोग से आरोपी वाहन को जप्त कर लिया गया है तथा वाहन चालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और शीघ्र ही आगे की कानूनी प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।





