मध्य प्रदेश शहडोल BREAKING
देवराव गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
रिपोर्ट: विनय द्विवेदी
शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवराव में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान तुलसी दास कुशवाहा पिता राम चरण कुशवाहा, उम्र लगभग 45 वर्ष, निवासी देवराव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 7 बजे ग्रामीणों ने शव को देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी गई।
घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने परिवार के ही एक सदस्य पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं घटना को लेकर ग्रामीणों में भी तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।
सूचना मिलते ही ब्यौहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।





