*अनिल टेंडर्स के गोदाम और किराना दुकान में लगी आग, लाखों का सामान जलकर खाक*
*संजीव गुप्ता की रिपोर्ट सीधी भदौरा*
सीधी के भदौरा में भीषण अग्निकांड: अनिल टेंडर्स के गोदाम और किराना दुकान में लगी आग, लाखों का सामान जलकर खाक
सीधी जिले के मड़वास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भदौरा में रविवार देर रात एक बड़ा अग्निकांड हो गया, जहां अनिल टेंडर्स के प्रोपराइटर ज्ञानचंद गुप्ता के गोदाम और किराना दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दुकान में रखा पूरा किराना सामान जलकर राख हो गया। घटना सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही हैं
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि सामान को बचाया नहीं जा सका। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब 5 लाख रुपये से अधिक का नुकसान बताया जा रहा है।
दुकान संचालक ज्ञानचंद गुप्ता ने बताया कि आग लगते ही उन्होंने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी थी, लेकिन गांव क्षेत्र होने और फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंच पाने के कारण आग पर जल्द काबू नहीं पाया जा सका। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते दमकल की टीम पहुंच जाती तो काफी सामान बचाया जा सकता था।
घटना की जानकारी मिलते ही मड़वास थाना प्रभारी अतर सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि स्थानीय ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर घटना की जांच शुरू कर दी है। साथ ही तहसीलदार और अन्य राजस्व अधिकारियों को भी सूचना दे दी गई है।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि तहसीलदार और पटवारी द्वारा दुकान में हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ हो सकता है।
इस घटना के बाद गांव के लोगों में दहशत का माहौल है, वहीं ग्रामीणों ने क्षेत्र में स्थायी फायर ब्रिगेड व्यवस्था की मांग भी उठाई है।





