बरगी डैम हादसे पर बवाल: उमरिया में युवक कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, पुलिस से झड़प
उमरिया।
जबलपुर के बरगी डैम में हुए भीषण क्रूज हादसे को लेकर पूरे क्षेत्र में आक्रोश देखा जा रहा है। इसी कड़ी में जिला युवक कांग्रेस ने उमरिया के गांधी चौक पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। यह प्रदर्शन युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनुराग सिंह अम्बुज के नेतृत्व में एवं वरिष्ठ नेता विक्रम प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उन्हें हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने मंत्री का पुतला दहन करने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सख्त कदम उठाए।
जैसे ही पुतला जलाने की कोशिश हुई, पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल कर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने का प्रयास किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प हुई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और गांधी चौक क्षेत्र में तनाव फैल गया।
भारी पुलिस बल की मौजूदगी के चलते पुतला दहन पूरी तरह सफल नहीं हो सका, जिससे कार्यकर्ताओं में और नाराजगी देखी गई। प्रदर्शन के बाद भी कुछ समय तक कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की नोकझोंक जारी रही।
युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनुराग सिंह ने आरोप लगाया कि बरगी डैम हादसा प्रशासनिक लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी का नतीजा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती और मंत्री इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
इस प्रदर्शन में जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष शकील खान सहित कई वरिष्ठ एवं युवा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिससे पूरे क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया।





