मेकअप के लिए ब्यूटी पार्लर गई दुल्हन प्रेमी संग फरार, शादी के मंडप में मचा हड़कंप; बिना विवाह लौट गई बारात
अनूपपुर | म.प्र.
अनूपपुर जिले के कोतमा थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के दिन ही दुल्हन ब्यूटी पार्लर जाने के बहाने अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। इस घटना से विवाह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और खुशी का माहौल अचानक हंगामे में बदल गया।
जानकारी के अनुसार, भालूमाड़ा निवासी युवक की शादी बिजुरी क्षेत्र की युवती से तय हुई थी। निर्धारित कार्यक्रम के तहत बारात कोतमा के मंगल भवन पहुंची थी और सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। इसी बीच दुल्हन ब्राइडल मेकअप के लिए ब्यूटी पार्लर गई, लेकिन वहां से वह वापस नहीं लौटी।
परिजनों ने जब उसकी तलाश शुरू की तो पता चला कि वह अपने प्रेमी के साथ बाइक से फरार हो गई है। सूचना मिलते ही विवाह स्थल पर तनाव की स्थिति बन गई और दोनों पक्षों के बीच विवाद की नौबत आ गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित कई स्थानों पर देर रात तक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन दुल्हन का कोई सुराग नहीं मिला।
मामले में लड़के पक्ष ने कोतमा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ला के अनुसार, युवती की तलाश जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद बिना विवाह के ही बारात को लौटना पड़ा, जिससे दोनों परिवारों की सामाजिक स्थिति पर भी सवाल उठ रहे हैं।





