नकली खाद का काला कारोबार: भाजपा किसान मोर्चा ने की तत्काल कार्रवाई की मांग
(फोटो प्रतीकात्मक है )
हजूरगंज/जिला संवाददाता।
जिले में किसानों को नकली खाद बेचने के बढ़ते मामलों को लेकर भाजपा किसान मोर्चा ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष कृष्णा पाण्डेय ने किसानों के साथ हो रही धोखाधड़ी पर गहरी चिंता जताते हुए इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
कृष्णा पाण्डेय ने कहा कि बाजार में बड़े पैमाने पर ‘HURL’ ब्रांड की लूज खाद बोरियां बेची जा रही हैं, जो कई गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने प्रशासन से पूछा कि आखिर दुकानदारों तक ‘HURL’ की लूज बोरियां पहुंच कैसे रही हैं, जबकि सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी Hindustan Urvarak & Rasayan Limited (HURL) देश में केवल तीन यूरिया प्लांट संचालित करती है और सीधे तौर पर DAP खाद का निर्माण नहीं करती।
उन्होंने बताया कि HURL अपने इंपोर्ट बिजनेस के माध्यम से विभिन्न राज्यों में DAP खाद की आपूर्ति करता है। ऐसे में खुले बाजार में बड़े पैमाने पर लूज DAP खाद की बिक्री होना नकली खाद के बड़े नेटवर्क की ओर इशारा करता है। भाजपा किसान मोर्चा का आरोप है कि इस गोरखधंधे से किसान आर्थिक रूप से बर्बाद हो रहे हैं और उनकी फसल उत्पादन पर भी बुरा असर पड़ रहा है।
कृष्णा पाण्डेय ने प्रशासन से मांग की कि नकली खाद कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई की जाए। साथ ही खाद दुकानों की जांच अभियान चलाकर किसानों को असली खाद उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसानों के साथ हो रही ठगी पर रोक लग सके।
भाजपा किसान मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन किसानों के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगा।





