मुख्य मार्ग पर कचरे का अंबार, स्वच्छता व्यवस्था पर उठे सवाल
ब्यौहारी/शहडोल, 3 मई 2026।
शहडोल जिले के ब्यौहारी नगर परिषद क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था की पोल खोलती एक तस्वीर सामने आई है। रीवा-शहडोल मुख्य मार्ग पर कचरे का बड़ा ढेर लगा हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

बताया जा रहा है कि यह तस्वीर दोपहर के समय की है, जब आमतौर पर कचरा संग्रहण का कार्य किया जाना चाहिए। इसके बावजूद नगर परिषद द्वारा कचरा उठाने के लिए भेजी जाने वाली गाड़ी या ट्रैक्टर मौके पर नहीं पहुंचा, जिसके कारण सड़क किनारे कचरा जमा होता गया।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस तरह मुख्य मार्ग पर कचरे का ढेर न केवल शहर की छवि को खराब करता है, बल्कि इससे दुर्गंध और बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। लोगों ने नगर परिषद प्रशासन से नियमित सफाई और समय पर कचरा उठाव की मांग की है।
इस संबंध में जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से अब तक कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।
रिपोर्ट: विनय द्विवेदी, शहडोल





