कोटकपूरा पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: तलवार की नोक पर बाइक छीनने वाला लुटेरा चंद घंटों में दबोचा—-

फरीदकोट/ कोटकपूरा (अलेक्जेंडर डिसूजा): अपराध और अपराधियों के खिलाफ फरीदकोट पुलिस ने अपनी कमर कस ली है। एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन के सख्त निर्देशों पर काम करते हुए थाना सदर कोटकपूरा की पुलिस ने लूटपाट की एक बड़ी वारदात को महज कुछ ही घंटों में सुलझाकर एक आरोपी को दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
वारदात का संक्षिप्त विवरण
घटना 22 मार्च की है, जब निर्मल सिंह नाम का व्यक्ति कोटकपूरा से अपने गांव बग्गेआना जा रहा था। गांव कोटसुखिया के पास सुए पुल पर तीन हथियारबंद लुटेरों ने उसे रोक लिया। लुटेरों ने तलवार की नोक पर निर्मल सिंह को डराया-धमकाया और उसका पर्स व स्प्लेंडर मोटरसाइकिल छीनकर फरार हो गए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी:
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी (इन्वेस्टिगेशन) जोगेश्वर सिंह गोराया और डीएसपी संजीव कुमार की अगुवाई में विशेष टीमें गठित की गई। पुलिस ने जाल बिछाया और नेशनल हाईवे (देवीवाला रोड) पर नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध को रोका।
गिरफ्तार आरोपी: कोमलदीप सिंह उर्फ सनी (निवासी बस्ती कोटसुखिया)।
बरामदगी: वारदात में छीनी गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल।
फरार साथियों की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस लूट में शामिल दो अन्य आरोपियों की पहचान हो चुकी है। उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है, ताकि क्षेत्र में हुई अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ की जा सके।
न्यूज़: 25-1,




