फार्मेसी ऑफिसर पेपर लीक मामला: बीजेपी ने ‘आप’ सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला; डिप्टी कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा,

-राज्य सरकार निशाने पर: हेल्थ मिनिस्टर डॉ. बलबीर सिंह और एजुकेशन मिनिस्टर हरजोत बैंस ने मांगा इस्तीफा,
-बीजेपी जिला अध्यक्ष गौरव कक्कड़ ने कहा छठा बड़ा भर्ती घोटाला, ‘जीरो टॉलरेंस’ के दावों की हवा निकली…
फरीदकोट: पंजाब में फार्मेसी ऑफिसर भर्ती परीक्षा में कथित पेपर लीक और नकल के आरोपों को लेकर सियासत तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए फरीदकोट के डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा को ज्ञापन सौंपा। भाजपा जिला अध्यक्ष गौरव कक्कड़ के नेतृत्व में पहुंचे नेताओं ने सूबे के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह और शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस से तुरंत इस्तीफे की मांग की है।
परीक्षा केंद्र से प्रश्नपत्र स्कैन, ब्लूटूथ से भेजे गए जवाब
मीडिया से बातचीत में भाजपा जिला अध्यक्ष गौरव कक्कड़ ने बताया कि 19 जुलाई को 454 फार्मेसी ऑफिसर पदों के लिए आयोजित इस परीक्षा में करीब 7,000 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा केंद्र के भीतर से ही प्रश्नपत्र स्कैन करके बाहर भेजा गया, जिसे बाहर हल करवाकर अभ्यर्थियों को ब्लूटूथ डिवाइस के माध्यम से जवाब भेजे गए।
भाजपा नेताओं ने दावा किया कि रजिस्ट्रार ने खुद स्वीकार किया था कि परीक्षा के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल की खुफिया जानकारी पहले से उपलब्ध थी। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा जैमर या पुख्ता सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए, जो सरकार की मंशा और तैयारियों पर सीधे सवाल खड़े करता है।
‘आप’ सरकार के कार्यकाल का छठा बड़ा भर्ती घोटाला: भाजपा
भाजपा नेताओं का कहना है कि यह कोई छिटपुट घटना नहीं है, बल्कि ‘आप’ सरकार के कार्यकाल में सामने आया छठा बड़ा भर्ती घोटाला है। इससे पहले नायब तहसीलदार भर्ती, पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) की 12वीं का अंग्रेजी पेपर लीक, PSTET विवाद और PSSSB भर्ती में गड़बड़ी जैसे मामले सामने आ चुके हैं।
नैतिक मानकों पर घेरा
‘आप’ के “जीरो टॉलरेंस” और पारदर्शिता के दावों पर सवाल उठाते हुए भाजपा नेताओं ने याद दिलाया कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया अन्य राज्यों में ऐसी घटनाओं पर मंत्रियों के इस्तीफे मांगते रहे हैं। अब पंजाब में भी वही नैतिक मानक लागू होने चाहिए। उन्होंने मांग की कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ रोका जाए और पूरी भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी व नकल-मुक्त बनाया जाए।
न्यूज़: 29-2,
फोटो कैप्शन: पंजाब में फार्मेसी ऑफिसर भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर राज्य सरकार और स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए, डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा को ज्ञापन सौंपते भारतीय जनता पार्टी के नेता।

(रिपोर्ट: अलेक्जेंडर डिसूजा, फरीदकोट यस न्यूज़)




