माध्यमिक-प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा: दिव्यांग अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण जेपी अस्पताल भोपाल में
भोपाल।
लोक शिक्षण संचालनालय, गौतम नगर भोपाल द्वारा माध्यमिक शिक्षक एवं प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा 2024 के तहत दिव्यांग श्रेणी में चयनित अभ्यर्थियों की दिव्यांगता परीक्षण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस संबंध में प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।
जारी पत्र के अनुसार चयनित दिव्यांग अभ्यर्थियों की दिव्यांगता का परीक्षण भोपाल स्थित जय प्रकाश चिकित्सालय (जेपी अस्पताल) में किया जाएगा। इसके लिए विभाग द्वारा अभ्यर्थियों की सूची और निर्धारित तिथियां जारी की गई हैं। संबंधित अभ्यर्थियों को उनके नाम के सामने अंकित तिथि पर निर्धारित स्थान पर उपस्थित होना अनिवार्य होगा।

लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जिलों के चयनित अभ्यर्थियों को समय पर सूचना देकर निर्धारित तिथि पर परीक्षण के लिए भेजना सुनिश्चित करें। साथ ही अभ्यर्थियों को सूचना दिए जाने की तामिली रिपोर्ट 16 मार्च 2026 तक संचालनालय को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
यह निर्देश प्रदेश के कई जिलों—अनूपपुर, भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, सतना, सागर, शहडोल, उज्जैन सहित अन्य जिलों—के जिला शिक्षा अधिकारियों को भेजे गए हैं।
लोक शिक्षण संचालनालय के अपर संचालक द्वारा जारी इस आदेश की प्रतिलिपि स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव, आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग तथा सभी संभागीय संयुक्त संचालकों को भी सूचनार्थ भेजी गई है।





