Ad imageAd image
d84ef9efc3d53b57ca3a957694261ad58b2c2b9e

दो साल में ही उखड़ गई मँझगवा–जतहरी सड़क, गिट्टियां बाहर… ग्रामीणों ने उठाई जांच और भारी वाहनों पर रोक की मांग

admin
3 Min Read
इस खबर को शेयर करें

दो साल में ही उखड़ गई मँझगवा–जतहरी सड़क, गिट्टियां बाहर… ग्रामीणों ने उठाई जांच और भारी वाहनों पर रोक की मांग

 

अनूपपुर।

जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के अंतर्गत आने वाले ग्राम मँझगवा से जतहरी को जोड़ने वाली सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है। लगभग दो वर्ष पहले ही इस सड़क का निर्माण कराया गया था, जबकि सरकारी मानकों के अनुसार ऐसी सड़कों की आयु कम से कम चार वर्ष तक बेहतर स्थिति में रहनी चाहिए। लेकिन निर्धारित अवधि से पहले ही सड़क उखड़ने लगी है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

- Advertisement -
Ad imageAd image

ग्रामीणों के अनुसार सड़क की ऊपरी सतह पूरी तरह खराब हो चुकी है और जगह-जगह से गिट्टियां बाहर निकल आई हैं। सड़क के किनारे बने बॉर्डर भी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। हालत यह है कि इस मार्ग से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटना का खतरा भी लगातार बना हुआ है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के आसपास संचालित क्रेशर से निकलने वाले भारी वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क की स्थिति और ज्यादा खराब हो गई है। बड़े-बड़े डंपर और हैवी ट्रक लगातार इसी मार्ग से गुजरते हैं, जिससे सड़क की परत उखड़ गई है और जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि भारी वाहनों के दबाव को सहने के लिए सड़क का निर्माण पर्याप्त मजबूत नहीं किया गया, जिसके कारण इतनी जल्दी इसकी हालत खराब हो गई।

खराब सड़क की वजह से ग्रामीणों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, मरीजों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों को हो रही है। बारिश के मौसम में सड़क पर गड्ढों में पानी भर जाने से चलना और भी मुश्किल हो जाता है। कई बार बाइक और साइकिल सवार फिसलकर गिर भी चुके हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। वहीं एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों को भी गांव तक पहुंचने में दिक्कत होती है।

 

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य की तकनीकी और वित्तीय जांच कराई जाए। यदि निर्माण में लापरवाही या घटिया सामग्री का उपयोग पाया जाता है तो संबंधित निर्माण एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही क्रेशर से निकलने वाले भारी वाहनों की इस मार्ग पर आवाजाही पर रोक लगाने या वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करने की भी मांग की गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत और समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले समय में सड़क पूरी तरह खराब हो सकती है, जिससे क्षेत्र के लोगों की आवाजाही और अधिक प्रभावित होगी।

Share This Article
Leave a Comment