छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ एवं मंदिरों में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस ने की पत्रकार वार्ता
संभागीय ब्यूरो विनय द्विवेदी
शहडोल – अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार नीट पेपर लीक मामले, युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ तथा राम मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों और धर्म न्यासों में सामने आ रहे चंदा चोरी एवं भ्रष्टाचार के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल द्वारा एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस संगठन प्रभारी एवं बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा, पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को तथा जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल के जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने केंद्र एवं राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश का युवा आज अपने भविष्य को लेकर चिंतित है। नीट परीक्षा में हुए कथित पेपर लीक ने लाखों मेहनती विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के विश्वास को तोड़ने का कार्य किया है। कांग्रेस पार्टी इस अन्याय के खिलाफ राष्ट्रव्यापी आंदोलन चलाकर छात्रों की आवाज को बुलंद कर रही है।
वक्ताओं ने कहा कि जब युवा दिन-रात मेहनत करके प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, तब संगठित भ्रष्टाचार और सत्ता संरक्षण के कारण उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है। यह केवल एक परीक्षा का प्रश्न नहीं, बल्कि देश के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता का विषय है। कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए, ताकि युवाओं का विश्वास पुनः स्थापित हो सके।
पत्रकार वार्ता में राम मंदिर एवं अन्य धार्मिक स्थलों में चढ़ावे और दान राशि के दुरुपयोग तथा धर्म न्यासों में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आस्था के केंद्रों को राजनीतिक और आर्थिक स्वार्थों का माध्यम नहीं बनाया जाना चाहिए। श्रद्धालुओं द्वारा दी गई दानराशि का उपयोग धार्मिक, सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों के लिए पारदर्शी तरीके से होना चाहिए, किन्तु विभिन्न स्थानों से सामने आ रही अनियमितताओं ने लोगों की भावनाओं को आहत किया है।
नेताओं ने मांग की कि धर्म न्यासों के वित्तीय लेन-देन की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए पारदर्शी व्यवस्था लागू की जाए। उन्होंने कहा कि धर्म और आस्था के नाम पर किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार को कांग्रेस पार्टी कभी स्वीकार नहीं करेगी।
जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा छात्रों, युवाओं, किसानों, मजदूरों और आमजन की आवाज बनकर संघर्ष करती रही है और आगे भी जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी। उन्होंने जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्रव्यापी अभियान को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाकर जनता को जागरूक करें तथा युवाओं और धार्मिक आस्थाओं से जुड़े मुद्दों पर जनमत तैयार करें।
पत्रकार वार्ता के अंत में कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र में जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और कांग्रेस पार्टी जनभावनाओं के अनुरूप संघर्ष को और अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनाएगी।
पत्रकार वार्ता के दौरान मुख्य रूप से जिला संगठन प्रभारी विधायक नारायण पट्टा,पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह, जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी,पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश कटारे,पूर्व जिलाध्यक्ष नीरज द्विवेदी,पूर्व जिलाध्यक्ष आजाद बहादुर सिंह, पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष कुलदीप निगम, जिला मुख्य प्रवक्ता पीयूष शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष अनुज मिश्रा, नगर अध्यक्ष प्रभात पाण्डेय,जिला उपाध्यक्ष राजीव शर्मा,सोहागपुर ब्लॉक अध्यक्ष प्रीतमदास सोनी आदि काँग्रेसजन उपस्थित रहे।





