Ad imageAd image
d84ef9efc3d53b57ca3a957694261ad58b2c2b9e

जर्जर भवन में संचालित हो रहा नौरोजाबाद पोस्ट ऑफिस, कर्मचारियों और आमजन की सुरक्षा पर मंडरा रहा खतरा

admin
3 Min Read
इस खबर को शेयर करें

जर्जर भवन में संचालित हो रहा नौरोजाबाद पोस्ट ऑफिस, कर्मचारियों और आमजन की सुरक्षा पर मंडरा रहा खतरा

 

उमरिया/नौरोजाबाद | उमरिया नौजवान से फैज मोहम्मद की रिपोर्ट

 

- Advertisement -
Ad imageAd image

नौरोजाबाद स्थित डाकघर का भवन अत्यंत जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है, जिसके कारण यहां कार्यरत कर्मचारियों तथा प्रतिदिन अपने आवश्यक कार्यों के लिए आने वाले आम नागरिकों की सुरक्षा गंभीर खतरे में पड़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भवन की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि किसी भी समय कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

 

जानकारी के अनुसार यह भवन एसईसीएल जोहिला एरिया के अंतर्गत आता है। भवन की दीवारों, छत और अन्य संरचनात्मक हिस्सों में लगातार गिरावट देखी जा रही है। बरसात का मौसम निकट होने के कारण खतरा और भी बढ़ गया है। ऐसे में डाकघर में कार्यरत कर्मचारियों को हर दिन भय के साये में काम करना पड़ रहा है, वहीं डाक सेवाओं का लाभ लेने आने वाले नागरिक भी असुरक्षित माहौल का सामना कर रहे हैं।

 

स्थानीय नागरिकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने डाक विभाग के अधिकारियों तथा एसईसीएल जोहिला एरिया के मुख्य प्रबंधक से मांग की है कि बरसात शुरू होने से पहले भवन की तत्काल मरम्मत कराई जाए अथवा इसे नवीनीकरण योजना के तहत नया डाकघर भवन उपलब्ध कराया जाए। उनका कहना है कि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो किसी भी दिन बड़ी दुर्घटना घट सकती है।

- Advertisement -
Ad imageAd image

 

लोगों का यह भी आरोप है कि भवन में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। यहां पीने योग्य स्वच्छ पानी की समुचित व्यवस्था नहीं है और न ही शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे कर्मचारियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कंपनी अधिनियम और आवंटन संबंधी प्रावधानों के अनुसार भवन के रखरखाव एवं मरम्मत की जिम्मेदारी संबंधित प्रबंधन की है, क्योंकि यह भवन कर्मचारियों और जनसेवा से जुड़े कार्यों के लिए आवंटित किया गया था। इसलिए संबंधित अधिकारियों को मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।

 

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन, डाक विभाग और एसईसीएल प्रबंधन से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा है कि कर्मचारियों और आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है। जर्जर भवन में संचालित हो रहे डाकघर की स्थिति को देखते हुए अब केवल आश्वासनों से काम नहीं चलेगा, बल्कि ठोस और त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता है।

Share This Article
Leave a Comment