शहडोल के हीरवाह गांव में दर्दनाक घटना, मां और तीन मासूम बेटियों की मौत से पसरा मातम
शहडोल।
।जिले के पपौंध थाना क्षेत्र अंतर्गत हीरवाह गांव में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। यहां एक महिला और उसकी तीन नाबालिग बेटियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान अनिता सिंह और उनकी बेटियों अर्पिता, कृष्णकुमारी और रितिका के रूप में हुई है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके।
प्रारंभिक जानकारी में यह बात सामने आई है कि महिला ने अपनी तीनों बेटियों के साथ कथित रूप से जहरीला पदार्थ का सेवन किया, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना के पीछे के कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हैं और हर पहलू से जांच जारी है।
बताया जा रहा है कि महिला अपने बच्चों के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने घर में रह रही थी, जबकि उसका पति रोजगार के सिलसिले में बाहर रहता था। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
सूचना मिलते ही पपौंध थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी बृजेन्द्र मिश्रा के अनुसार, घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस इस दर्दनाक मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।





