अनूपपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पशु चोरी का पर्दाफाश, आरोपी गिरफ्तार — तीनों बैल सुरक्षित बरामद
अनूपपुर ।
जिले में कोतवाली पुलिस ने एक बार फिर तेज़, सटीक और प्रभावी कार्रवाई करते हुए पशु चोरी की गंभीर वारदात का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किए गए तीनों बैलों को सुरक्षित बरामद कर लिया, जिससे क्षेत्र में राहत की भावना है।

ग्राम करहीवाह निवासी कृषक टीकम कोल के घर के सामने बंधे तीन नग बैलों की बीती रात अज्ञात आरोपी द्वारा चोरी कर ली गई थी। घटना की रिपोर्ट 30 मई 2026 को थाना कोतवाली अनूपपुर में दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 307/26, धारा 303(2) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री विक्रांत मुराब एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगन्नाथ मरकाम के निर्देशन तथा एसडीओपी श्री नवीन तिवारी के मार्गदर्शन में तत्काल जांच टीम गठित की गई।
टीआई अरविंद जैन के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक संतोष वर्मा, प्रधान आरक्षक नितिन नामदेव एवं आरक्षक संजय सिंह की टीम ने रात्रि में ही सक्रियता दिखाते हुए तकनीकी एवं सूचनात्मक आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई।

पुलिस ने ग्राम ठेही, थाना जैतहरी निवासी भारत सिंह गोड़ (उम्र लगभग 25 वर्ष) को दबोचते हुए उसके कब्जे से चोरी किए गए तीनों बैल बरामद कर लिए। समय रहते की गई इस कार्रवाई से पशुपालक को बड़ी राहत मिली है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी से अन्य पशु चोरी की घटनाओं के संबंध में भी गहन पूछताछ जारी है। साथ ही यह भी सामने आया है कि आरोपी के विरुद्ध थाना राजेन्द्रग्राम में पूर्व से आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
अनूपपुर पुलिस की यह तत्पर और सफल कार्रवाई क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने तथा पशु चोरी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।





