अवैध रेत परिवहन पर प्रशासन का शिकंजा, दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
उमरिया। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय के निर्देशानुसार खनिज एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रेत का परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 मई 2026 को तहसीलदार दिलीप सोनी, सहायक खनिज अधिकारी दिवाकर चतुर्वेदी एवं सैनिक सरमन लाल केवट की संयुक्त टीम द्वारा सिंगलटोला उमरिया स्थित रेलवे फाटक के पास वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान दो ट्रैक्टर-ट्रॉली खनिज रेत का परिवहन करते पाए गए, जिनके पास वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे।
जांच के दौरान ट्रैक्टर इंजन क्रमांक NKG2DEJ0001 का चालक राजेश चौधरी, पिता विशेषर चौधरी, निवासी ग्राम बड़ेरी, तहसील बांधवगढ़, जिला उमरिया तथा ट्रैक्टर इंजन क्रमांक E3490636 का चालक सज्जन कोल, पिता मुकेश कोल, निवासी ग्राम बड़ेरी, तहसील बांधवगढ़, जिला उमरिया को अवैध रूप से रेत परिवहन करते हुए पकड़ा गया।
कार्रवाई के तहत दोनों वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। साथ ही आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज अवैध (खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के प्रावधानों के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिज संपदा के अवैध दोहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर और प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त तत्वों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।





