सोनकच्छ में गूंजे ‘जय भीम’ के नारे, बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की नवीन प्रतिमा का भव्य अनावरण
बस स्टैंड परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और समाजजनों की रही विशेष उपस्थिति
रिपोर्टर : पवन परमार | देवास/सोनकच्छ
देवास जिले के सोनकच्छ नगर में रविवार को सामाजिक समरसता और संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के सम्मान में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर के बस स्टैंड परिसर में बाबा साहब की नवीन प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में “जय भीम” के नारों की गूंज सुनाई दी और माहौल उत्साह एवं श्रद्धा से भर उठा।
प्रतिमा का अनावरण क्षेत्रीय विधायक डॉ. राजेश सोनकर द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने बाबा साहब के योगदान को याद करते हुए कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को संविधान देकर हर वर्ग को समान अधिकार दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके विचार आज भी समाज को शिक्षा, समानता और अधिकारों के प्रति जागरूक करने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष लीलाबाई भेरूलाल अटारिया, भाजपा मंडल अध्यक्ष विजेंद्र सिंह राजपूत सहित अनेक जनप्रतिनिधि और समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। समाज पदाधिकारी अध्यक्ष रमेश करवाडिया, पार्षद सीताराम खेलवाल, जांगड़ा समाज तहसील अध्यक्ष महेंद्र खेलवाल सहित नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समाजजन कार्यक्रम में शामिल हुए।
प्रतिमा अनावरण के दौरान बाबा साहब के सम्मान में पुष्प अर्पित किए गए और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और संविधानिक अधिकारों के प्रतीक हैं।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित अतिथियों और समाजजनों ने बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। सोनकच्छ में आयोजित यह आयोजन सामाजिक एकता और सम्मान का प्रतीक बनकर सामने आया।





