साराई सैगरान में पानी का संकट: टंकी बनी, पर सप्लाई बंद — जिम्मेदार कौन?
साराई सैगरान क्षेत्र के ग्राम सरई संग्राम में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट गहराता जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, गांव में करीब तीन वर्ष पहले पानी की टंकी का निर्माण तो पूरा हो गया था, लेकिन आज तक नियमित जल आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। हैरानी की बात यह है कि निर्माण के बाद केवल एक दिन पानी की सप्लाई हुई, उसके बाद से व्यवस्था पूरी तरह ठप पड़ी है।
गर्मी के इस मौसम में जब तापमान लगातार बढ़ रहा है, पानी की आवश्यकता और भी अधिक हो जाती है। ऐसे समय में ग्रामीणों को पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है, जो बेहद चिंताजनक स्थिति है। सरकार की महत्वाकांक्षी “हर घर नल-जल” योजना का उद्देश्य हर गांव तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है, लेकिन सरई संग्राम में इसका असर कहीं दिखाई नहीं दे रहा।
ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है और वे सवाल उठा रहे हैं कि आखिर इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार कौन है — शासन या प्रशासन?
स्थानीय निवासी दीनानाथ गुप्ता (यस न्यूज़ संवाददाता) ने जिला कलेक्टर से अपील की है कि जिले में बढ़ती गर्मी और गंभीर जल संकट को देखते हुए जल्द से जल्द पानी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
(रिपोर्ट: दीनानाथ गुप्ता, यस न्यूज़)


