हेडिंग:
देवलोंद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ट्रक सहित 36 मवेशी जप्त, दो आरोपी गिरफ्तार
—
ब्यौहारी/शहडोल
जिले के देवलोंद थाना पुलिस ने अवैध पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक सहित 36 मवेशियों को जप्त किया है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रक क्रमांक MP 53 ZG 7842 में अवैध रूप से भैंस और पड़वा लोड कर ब्यौहारी से फतेहपुर (उत्तर प्रदेश) ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ग्राम चंदोला फॉरेस्ट बैरियर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
जांच के दौरान ट्रक में 13 भैंस और 23 पड़वा को अमानवीय तरीके से ठूस-ठूस कर भरा हुआ पाया गया। सभी मवेशी भूख और प्यास से व्याकुल थे।
वाहन चालक ने अपना नाम वाहिददीन अंसारी (37 वर्ष, निवासी जिला सीधी) और उसके साथी ने इल्ताक खान (28 वर्ष, निवासी जिला सीधी) बताया। जब उनसे मवेशियों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने मौके पर ही ट्रक और सभी 36 मवेशियों को जप्त कर लिया, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 19 लाख 70 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है।
जप्त किए गए मवेशियों को सुरक्षित रखरखाव के लिए बाणसागर स्थित गौशाला समिति को सुपुर्द किया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सुभाष दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम के अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसकी सराहना की जा रही है।


