आम आदमी पार्टी में अनूपपुर को बड़ी जिम्मेदारी: समयलाल चंद्रवंशी बने किसान विंग के प्रदेश संयुक्त सचिव
अनूपपुर।
आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा प्रदेश एवं जिलों की नई संगठनात्मक सूची जारी की गई है। इस सूची में अनूपपुर जिले के सक्रिय नेता एवं पूर्व जिला किसान विंग अध्यक्ष समयलाल चंद्रवंशी को किसान विंग का प्रदेश संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। पार्टी नेतृत्व ने उनके संगठनात्मक अनुभव, सक्रियता और किसानों के मुद्दों पर निरंतर संघर्ष को देखते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
समयलाल चंद्रवंशी लंबे समय से आम आदमी पार्टी के साथ जुड़े हुए हैं और किसान विंग के जिला अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने जिले में किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। किसानों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए उन्होंने कई बार आवाज बुलंद की और संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। पार्टी का मानना है कि उनके अनुभव और कार्यकुशलता का लाभ अब प्रदेश स्तर पर भी मिलेगा।

उनकी नियुक्ति की खबर मिलते ही अनूपपुर जिले में आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच खुशी का माहौल है। जिला सहित आसपास के क्षेत्रों से कार्यकर्ता उन्हें फोन कॉल, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से बधाई संदेश भेज रहे हैं।
आम आदमी पार्टी अनूपपुर के जिला अध्यक्ष संदीप पडवार ने कहा कि समयलाल चंद्रवंशी एक ईमानदार, सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने जिला किसान विंग अध्यक्ष रहते हुए किसानों की आवाज को मजबूती से उठाया और उनके हक की लड़ाई पूरी निष्ठा के साथ लड़ी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश स्तर पर नई जिम्मेदारी मिलने से संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा किसानों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सकेगा।
जिला अध्यक्ष संदीप पडवार सहित अनूपपुर की पूरी जिला टीम ने समयलाल चंद्रवंशी को प्रदेश संयुक्त सचिव नियुक्त होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


