एकीकृत शाला निधि की तीसरी किश्त जारी, 25 मार्च तक खर्च करने के निर्देश
भोपाल।
राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल ने सत्र 2025-26 के लिए प्रदेश की सभी प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं को एकीकृत शाला निधि की तीसरी किश्त जारी कर दी है। यह राशि कुल निधि का 25 प्रतिशत है, जिसे स्कूलों को निर्धारित समय सीमा के भीतर खर्च करने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा जारी पत्र के अनुसार जिला परियोजना समन्वयकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने जिलों की शालाओं में उपलब्ध राशि का उपयोग 25 मार्च 2026 तक सुनिश्चित कराएं। यह राशि विद्यालयों में आवश्यक व्यवस्थाओं और शैक्षणिक गतिविधियों को बेहतर बनाने के लिए दी जाती है।
अपर संचालक डॉ. अरुण सिंह द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि सभी संबंधित अधिकारी इस राशि के उपयोग की निगरानी करें और समय सीमा के भीतर खर्च सुनिश्चित करें। साथ ही स्कूल प्राचार्य और प्रधानाध्यापकों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे नियमानुसार राशि का उपयोग कर आवश्यक कार्य पूरे करें।
इस आदेश की प्रतिलिपि आयुक्त लोक शिक्षण, आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग, सभी कलेक्टरों, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों, जिला शिक्षा अधिकारियों तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को सूचनार्थ और आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।


