छात्रसंघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने की मांग, NSUI ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
अनूपपुर।
मध्यप्रदेश में आगामी छात्रसंघ चुनाव प्रत्यक्ष मतदान प्रणाली से कराए जाने की मांग को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) जिला अनूपपुर ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन शासकीय स्नातक महाविद्यालय पुष्पराजगढ़ के प्राचार्य के माध्यम से भेजा गया।
NSUI जिला अध्यक्ष जितेन्द्र खाण्डे ने ज्ञापन में कहा कि मध्यप्रदेश में छात्रसंघ चुनाव प्रत्यक्ष मतदान प्रणाली के माध्यम से कराए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के कई प्रमुख विश्वविद्यालयों में छात्र अपने प्रतिनिधियों का चुनाव सीधे मतदान के माध्यम से करते हैं। इससे छात्रों की लोकतांत्रिक भागीदारी बढ़ने के साथ-साथ चुनाव में पारदर्शिता और निर्वाचित प्रतिनिधियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित होती है।
NSUI ने छात्रहित को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने की मांग मुख्यमंत्री से की है। संगठन का कहना है कि प्रत्यक्ष चुनाव होने से विद्यार्थियों को अपने प्रतिनिधि चुनने का सीधा अधिकार मिलेगा और महाविद्यालयों में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूती मिलेगी।




