Ad imageAd image
d84ef9efc3d53b57ca3a957694261ad58b2c2b9e

कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन, राजेंद्रग्राम में गरिमामय अलंकरण समारोह संपन्न, छात्र परिषद ने संभाली नेतृत्व की जिम्मेदारी

admin
3 Min Read
इस खबर को शेयर करें

कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन, राजेंद्रग्राम में गरिमामय अलंकरण समारोह संपन्न, छात्र परिषद ने संभाली नेतृत्व की जिम्मेदारी

 

राजेंद्रग्राम। पत्रकार विनय मेहरा की रिपोर्ट।

कल्याणिका केंद्रीय शिक्षा निकेतन, राजेंद्रग्राम में शनिवार को अलंकरण (Investiture Ceremony) का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, उत्तरदायित्व एवं सेवा-भाव का विकास करना था। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

- Advertisement -
Ad imageAd image

 

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। इसके उपरांत अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में आकर्षण का संचार किया और उपस्थित जनों की भरपूर सराहना प्राप्त की।

 

समारोह का मुख्य आकर्षण नवगठित छात्र परिषद का अलंकरण एवं बैज वितरण रहा। विभिन्न पदों के लिए चयनित छात्र-छात्राओं को सम्मानपूर्वक बैज पहनाकर उनके दायित्व सौंपे गए। सभी छात्र प्रतिनिधियों ने विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, अनुशासन का पालन करने, नेतृत्व क्षमता का परिचय देने तथा अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ ली। इस अवसर पर शिक्षक परिषद का भी विधिवत अलंकरण किया गया।

 

- Advertisement -
Ad imageAd image

विद्यालय के प्राचार्य श्री नरसिम्हा प्रसाद ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि नेतृत्व किसी पद का नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, अनुशासन और सेवा-भाव का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यशैली के साथ विद्यालय का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

 

विद्यालय के एकेडमिक मेंटर श्री पी. एस. विश्वास ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यार्थी परिषद विद्यालय की कार्यसंस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा होती है। उन्होंने नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे अपने व्यवहार, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच से अन्य विद्यार्थियों के लिए आदर्श बनेंगे तथा विद्यालय की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।

 

समारोह के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक नृत्य एवं अन्य मनमोहक प्रस्तुतियों ने वातावरण को उल्लासमय बना दिया। विशेष आकर्षण के रूप में अभिभावकों ने भी अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर कार्यक्रम को यादगार बनाया। विद्यालय परिवार द्वारा उनकी सहभागिता एवं सहयोग के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उन्हें सम्मानित भी किया गया, जिससे विद्यालय और अभिभावकों के बीच सुदृढ़ सहभागिता का संदेश मिला।

 

हेड बॉय ने अपने संबोधन में छात्र परिषद की ओर से विद्यालय की गरिमा, अनुशासन और उत्कृष्टता बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया।

 

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। समारोह में शिक्षकों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। पूरे आयोजन में नेतृत्व, अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रभावना का उत्कृष्ट समन्वय देखने को मिला।

Share This Article
Leave a Comment