भीषण बारिश के बीच छत की शीट गिरने से हितग्राही गंभीर रूप से घायल
राजेंद्रगाम।
आज सुबह लगभग 07:00 बजे ग्राम पंडरीखार, वार्ड क्रमांक 03 में लगातार हो रही भीषण बारिश के कारण एक हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार दिनेश कुमार पनिका, पिता मुन्नालाल पनिका, माता रुगिया बाई, के घर की छत की शीट अचानक गिर गई।
हादसे में दिनेश कुमार पनिका के सिर में अंदरूनी चोट आई है। घटना के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में लगातार हो रही तेज बारिश के कारण मकान की छत कमजोर हो गई थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने और जर्जर मकानों का सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल घायल का उपचार जारी है और उनकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।





