शहडोल के अथर्व सिंह टेकाम राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए चयनित
शहडोल ।
जिले के एक प्रतिभाशाली उभरते मुक्केबाज, अथर्व सिंह टेकाम का चयन ‘5वीं अंडर-15 सब जूनियर बॉयज़ एंड गर्ल्स नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप’ के लिए हुआ है, जो जालंधर, पंजाब में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) के परिसर में आयोजित की जा रही है। यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता 23 से 29 जून 2026 तक चलेगी, जिसमें अथर्व राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस बड़ी सफलता के पीछे जिला मुख्य कोच एवं सचिव अंशुमान सिंह का पिछले दो वर्षों का अथक प्रयास और समर्पित प्रशिक्षण रहा है। उनके माता-पिता, जिले के अन्य साथी खिलाड़ियों और खेल जगत से जुड़े लोगों ने अथर्व को इस अवसर पर ढेरों बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। राज्य के तकनीकी निदेशक वीरेंद्र सिंह ठाकुर और राज्य सचिव दिग्विजय सिंह जी ने भी अथर्व के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। यह शहडोल जिले के लिए एक गर्व का क्षण है।




