मीनाक्षी नटराजन का राज्यसभा नामांकन रद्द मामले को लेकर जिला कांग्रेस ने की पत्रकार वार्ता
भाजपा ने केवल एक उम्मीदवार के साथ अन्याय नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया, निष्पक्ष चुनाव और संवैधानिक मूल्यों पर गंभीर प्रहार है – अजय सिंह
लोकतंत्र केवल चुनाव से नहीं चलता, बल्कि निष्पक्ष चुनाव से चलता है – गुड्डू चौहान
अनूपपुर में कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता मीनाक्षी नटराजन का राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन रद्द होने के मामले को एक बड़े सियासी संग्राम का रूप लेते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अनूपपुर जिला कांग्रेस कार्यालय में रविवार को आयोजित एक पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने इसे राजनीतिक षड्यंत्र और लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर हमला करार दिया। कांग्रेस ने इस मुद्दे को जनता की अदालत में ले जाने की पूरी रणनीति तैयार कर ली है।
इस पत्रकार वार्ता में अनूपपुर जिले प्रभारी एवं पूर्व विधायक उमरिया अजय सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्याम कुमार उर्फ गुड्डू चौहान, विधानसभा प्रभारी आशीष त्रिपाठी, सेवादल जिलाध्यक्ष डॉ एहसान अली अंसारी, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानवेन्द्र मिश्रा, जिला महासचिव सतेन्द्र स्वरूप दुबे, संतोष यादव, और एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रफी अहमद सहित कई प्रमुख कांग्रेस नेता उपस्थित थे। अनूपपुर जिले प्रभारी अजय सिंह ने आरोप लगाया कि राज्यसभा निर्वाचन के लिए कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत था, इसके बावजूद भाजपा ने कांग्रेस विधायकों को अपने पक्ष में करने की उम्मीद में तीसरा उम्मीदवार उतारा। जब यह प्रयास विफल हो गया, तो भाजपा ने ‘मिथ्या आधार’ पर आपत्ति प्रस्तुत कर मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त करवा दिया। उन्होंने इसे केवल एक उम्मीदवार के साथ अन्याय नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया, निष्पक्ष चुनाव और संवैधानिक मूल्यों पर गंभीर प्रहार बताते हुए निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया में अवैध हस्तक्षेप को लोकतंत्र के लिए खतरा बताया। उन्होंने मीनाक्षी नटराजन को गांधीवादी और जनसेवा के प्रति समर्पित नेता के रूप में वर्णित किया।
कांग्रेस नेताओं ने ‘तथ्य छिपाने’ के आरोप का खंडन करते हुए कहा कि मीनाक्षी नटराजन के विरुद्ध ऐसा कोई आपराधिक प्रकरण विचाराधीन नहीं है, न ही किसी कोर्ट ने उनके विरुद्ध संज्ञान लिया है और न ही कोई अपराध दर्ज किया गया है। संबंधित कोर्ट द्वारा प्रकरण पहले ही वापस किया जा चुका है, इसलिए नामांकन निरस्त करने का कोई वैधानिक आधार नहीं था।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह घटनाक्रम दर्शाता है कि भाजपा लगातार लोकतंत्र पर हमला कर रही है और चेतावनी दी कि भविष्य में इससे और गंभीर चुनौतियां सामने आ सकती हैं, जिनका कांग्रेस लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से मुकाबला करेगी। उन्होंने भाजपा पर संविधान की मर्यादाओं का हनन कर पूरी व्यवस्था को अपने नियंत्रण में करने का आरोप भी लगाया। कांग्रेस नेताओं ने इसे ‘तानाशाही’ करार दिया, जो किसी फिल्म में भी नहीं देखी गई है, और सर्वोच्च न्यायालय पर सवाल उठाते हुए कहा कि न्यायालय ने किसके दबाव में यह किया है, यह लोकतंत्र की हत्या है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चुनावी फॉर्म में ‘नोटिस’ दर्शाने का कोई प्रावधान नहीं है और जनप्रतिनिधित्व की धारा 33ए और फॉर्म 26 का उद्देश्य केवल उन आपराधिक मामलों की जानकारी प्राप्त करना है जिनमें उम्मीदवार के विरुद्ध विधिवत आपराधिक कार्यवाही चल रही हो। अंत में जिलाध्यक्ष गुड्डू चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि इसी क्रम में दिनांक 15/06/2026 को युवा कांग्रेस जिला अनूपपुर, दिनांक 16/06/2026 को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) जिला इकाई अनूपपुर एवं दिनांक 17/06/2026 को महिला कांग्रेस द्वारा क्रमानुसार विरोध प्रदर्शन कर महामहिम राष्ट्रपति महोदया के नाम एक ज्ञापन भी जिला कलेक्टर को सौंपा जायेगा।





