सेंट्रल जेल फरीदकोट में नई लाइब्रेरी और ‘रेडियो उजाला’ की शुरुआत; स्पीकर संधवा और जेल मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने किया उद्घाटन,


-पंजाब सरकार जेलों को ‘सुधार गृह’ बनाने के लिए प्रतिबद्ध, लाइब्रेरी और रेडियो कैदियों को मुख्यधारा से जोड़ेंगे: कुलतार सिंह संधवा
कैदी जेल के समय का इस्तेमाल अपना भविष्य बेहतर बनाने के लिए करें: डॉ. रवजोत सिंह
फरीदकोट, 25 जून (अलेक्जेंडर डिसूजा): पंजाब की जेलों को असल मायने में ‘सुधार गृह’ बनाने और कैदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के उद्देश्य से आज सेंट्रल जेल फरीदकोट में एक अनूठी पहल की गई। पंजाब विधानसभा के स्पीकर स. कुलतार सिंह संधवा और कैबिनेट मंत्री (जेल) डॉ. रवजोत सिंह ने आज यहाँ नई बनी बुक लाइब्रेरी और ‘रेडियो उजाला’ का औपचारिक उद्घाटन किया।
इस विशेष अवसर पर उनके साथ फरीदकोट के विधायक स. गुरदित सिंह सेखों, डी.आई.जी. सुरिंदर सिंह मंड (IPS) और डिप्टी कमिश्नर श्री राहुल चाबा भी मुख्य रूप से उपस्थित थे।
ज्ञान और मनोरंजन का बेहतरीन मेल साबित होंगी ये कोशिशें: स्पीकर संधवा
इस मौके पर जेल में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए स्पीकर स. कुलतार सिंह संधवा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार जेलों के माहौल को सुधारने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी और रेडियो जैसी सुविधाएं कैदियों को ज्ञान, शिक्षा और मनोरंजन प्रदान कर समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएंगी। ‘रेडियो उजाला’ जहाँ कैदियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा, वहीं लाइब्रेरी उनमें पढ़ने की रुचि पैदा करेगी। उन्होंने कैदियों से अपील की कि वे इन सुविधाओं का पूरा लाभ उठाएं और जेल से बाहर आने के बाद एक अच्छे नागरिक के रूप में नई ज़िंदगी की शुरुआत करें।
जेल मंत्री ने चखा खाना, कैदियों की समस्याओं का किया समाधान:
जेल मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि जेलें सिर्फ सजा काटने की जगह नहीं हैं, बल्कि यह खुद को सुधारने और बेहतर इंसान बनने का एक मौका हैं। पंजाब सरकार जेलों में ऐसा माहौल तैयार कर रही है, जहाँ कैदी अपने परिवार और समाज के प्रति अपनी ज़िम्मेदारी को समझ सकें।
निरीक्षण के दौरान मुख्य बातें:
उद्घाटन के बाद जेल मंत्री ने जेल के विभिन्न बैरकों और हिस्सों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने कैदियों और बंदियों से सीधी बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं और उन्हें जल्द हल करने का भरोसा दिया। इस दौरान उन्होंने खुद जेल की रसोई (मेस) में जाकर बन रहे भोजन को चखा और उसकी क्वालिटी की जांच की, जो कि संतोषजनक पाई गई।
किताबों से बदलेगा कैदियों का भविष्य: विधायक सेखों
फरीदकोट के विधायक स. गुरदित सिंह सेखों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जेल में लाइब्रेरी खोलने का मुख्य मकसद कैदियों का भविष्य संवारना है। जेल के समय का सही और सकारात्मक इस्तेमाल करके कैदी यहाँ से अच्छी बातें सीख सकते हैं और समाज में सम्मानजनक स्थान पा सकते हैं।
कैदियों ने ‘मलवई गिद्धे’ से बांधा समां, कैबिनेट मंत्री को मिला गार्ड ऑफ ऑनर
कार्यक्रम के दौरान जेल के कैदियों में भारी उत्साह देखने को मिला। कैदियों ने एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया, जिसमें उन्होंने पारंपरिक ‘मलवई गिद्दा’ और पंजाबी गानों के ज़रिए अपनी कला का प्रदर्शन किया। कैदियों ने ‘रेडियो उजाला’ और लाइब्रेरी की शुरुआत को पंजाब सरकार का एक सराहनीय कदम बताया। इससे पहले, जेल परिसर में पहुँचने पर कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह को पंजाब पुलिस की टुकड़ी द्वारा ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ भी दिया गया।
ये गणमान्य हस्तियां रहीं उपस्थित:
इस गरिमामयी समारोह के दौरान मार्केट कमेटी फरीदकोट के चेयरमैन स. अमनदीप सिंह बाबा, जेल सुपरिटेंडेंट इकबाल सिंह ढिल्लों, एडिशनल सुपरिटेंडेंट राजदीप सिंह बराड़ सहित जेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और इलाके के अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
न्यूज़: 25-4
फोटोज़:



रिपोर्ट: ‘यस न्यूज़,




