उमरिया जिले के मानपुर क्षेत्र के इन्द्रकेश सिंह बने MPPSC असिस्टेंट प्रोफेसर, क्षेत्र में खुशी की लहर
उमरिया (मध्य प्रदेश)। जिले के मानपुर तहसील अंतर्गत ग्राम मझखेता के होनहार युवक इन्द्रकेश सिंह ने मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की परीक्षा में सफलता प्राप्त कर असिस्टेंट प्रोफेसर (भूगोल) के पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
इस उपलब्धि के बाद पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। इन्द्रकेश सिंह की इस सफलता को उनके कठिन परिश्रम, निरंतर अध्ययन और दृढ़ संकल्प का परिणाम माना जा रहा है।
उनकी इस उपलब्धि से उनके माता-पिता श्री डुमान सिंह एवं श्रीमती सुशीला सिंह का मान भी बढ़ा है, वहीं पूरे ग्राम मझखेता सहित जिले में लोगों ने हर्ष व्यक्त किया है।
स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों ने इन्द्रकेश सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। लोगों का कहना है कि उनकी यह सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
इन्द्रकेश सिंह ने चयन के बाद शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने और विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान करने का संकल्प व्यक्त किया है।
क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने भी उनकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं की सफलता से जिले का नाम लगातार गौरवान्वित हो रहा है।





