खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई, हाईवा जब्त, 100 घनमीटर रेत का विनष्टीकरण
शहडोल, 20 मई 2026।क
लेक्टर डॉ. केदार सिंह के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में प्रभारी खनिज निरीक्षक, वृत्त ब्यौहारी के नेतृत्व में तहसील ब्यौहारी के विभिन्न क्षेत्रों में औचक जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान खनिज रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विशेष निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान आनंद फीलिंग पेट्रोल पंप के पास एक हाईवा वाहन की जांच की गई, जिसमें खनिज रेत का परिवहन किया जा रहा था। वाहन चालक द्वारा परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इस पर कार्रवाई करते हुए वाहन सहित खनिज रेत को जब्त कर थाना ब्यौहारी की शासकीय अभिरक्षा में सुरक्षित रखवाया गया।
इसके अतिरिक्त पुलिस थाना ब्यौहारी एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम जमुड़ी, देवी दाई मंदिर के पास तथा अन्य क्षेत्रों में अभियान चलाकर लावारिस अवस्था में पड़ी लगभग 100 घनमीटर अवैध रेत का विधिवत विनष्टीकरण किया गया।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनिज कारोबारियों में हड़कंप मच गया है, जबकि विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।





