शहडोल में कांग्रेस का जोरदार धरना: मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने पर भड़का विरोध, लोकतंत्र पर हमला बताया
शहडोल।
शहडोल में कांग्रेस पार्टी ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री एवं राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में अंबेडकर चौक पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए, जिन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपनी आवाज बुलंद की।
धरने को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय अवस्थी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के दबाव में सुनियोजित षड्यंत्र के तहत यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त करना केवल एक व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर सीधा हमला है। उनके अनुसार सत्ता के संरक्षण में लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है।
अजय अवस्थी ने आगे कहा कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को चुनाव लड़ने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने का अधिकार देता है, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के चलते संवैधानिक व्यवस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को केवल राजनीतिक नहीं बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा गंभीर विषय मानती है और इसके खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका को समाप्त करने के प्रयास देश के लिए खतरा हैं। कार्यकर्ताओं ने तख्तियां और बैनर लेकर लोकतंत्र बचाने और संविधान की रक्षा करने के नारे लगाए, जिससे पूरा क्षेत्र राजनीतिक माहौल से गूंज उठा।
इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति और निर्वाचन आयोग से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए लोकतांत्रिक मर्यादाओं को बनाए रखने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि इस तरह की कार्रवाइयां जारी रहीं तो कांग्रेस प्रदेशव्यापी जनआंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगी।
कार्यक्रम की जानकारी जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल के मुख्य प्रवक्ता पीयूष शुक्ला द्वारा दी गई। धरना-प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, ब्लॉक अध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, पार्षद, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





