गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं से ₹53 अतिरिक्त वसूली का आरोप, ग्रामीणों ने जिला खाद्य अधिकारी से की शिकायत
बाणसागर देवलांद/शहडोल (म.प्र.)। पत्रकार धीरेन्द्र सिंह
सतपुड़ा गैस एजेंसी द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी के दौरान उपभोक्ताओं से निर्धारित राशि के अतिरिक्त ₹53 वसूले जाने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जिला खाद्य अधिकारी एवं आपूर्ति नियंत्रक, शहडोल संभाग को शिकायत पत्र सौंपा है।
शिकायतकर्ता दीपक कुमार मिश्रा एवं ग्राम पंचायत भमराहा के ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सतपुड़ा गैस एजेंसी की संचालिका श्रीमती वंदना मंडावी एवं वितरक श्री अमृतलाल गुप्ता द्वारा प्रत्येक घरेलू गैस सिलेंडर की डिलीवरी पर उपभोक्ताओं से ₹53 अतिरिक्त राशि ली जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि जब उपभोक्ताओं ने इस अतिरिक्त राशि के संबंध में आपत्ति जताई तो एजेंसी की ओर से कथित तौर पर यह जवाब दिया गया कि “भाड़ा देना पड़ेगा, जहाँ शिकायत करना हो कर दीजिए, यही व्यवस्था है।” शिकायतकर्ताओं ने इसे उपभोक्ताओं का आर्थिक शोषण बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में यह भी बताया गया है कि इस संबंध में कई ग्रामीण उपभोक्ताओं के वीडियो बयान उपलब्ध हैं, जिनमें उन्होंने गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी के समय ₹53 अतिरिक्त राशि लिए जाने की बात कही है। ग्रामीणों के अनुसार, आवश्यकता पड़ने पर यह वीडियो साक्ष्य जांच अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने, अतिरिक्त वसूली तत्काल बंद कराने और भविष्य में इस प्रकार की अनियमितता पर रोक लगाने की मांग की है।
इस संबंध में शिकायत की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर शहडोल, पुलिस अधीक्षक शहडोल, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) ब्यौहारी एवं खाद्य निरीक्षक ब्यौहारी को भी भेजी गई है।





