किसानों को मिलेगा हेलमेट, उड़द पर 600 रुपये बोनस का ऐलान
मुख्यमंत्री मोहन यादव की बड़ी सौगात, सड़क सुरक्षा और किसानों की आय बढ़ाने पर विशेष जोर
उमरिया | फैज मोहम्मद की रिपोर्ट
मध्यप्रदेश के किसानों और ग्रामीणों के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ी घोषणाएं करते हुए सड़क सुरक्षा और कृषि समृद्धि की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों से शहर आने-जाने वाले किसानों एवं ग्रामीणों को सड़क दुर्घटनाओं से सुरक्षित रखने के लिए प्रदेश सरकार हेलमेट उपलब्ध कराने की योजना पर काम कर रही है। इस पहल का उद्देश्य सड़क हादसों में होने वाली जनहानि को कम करना है।

मुख्यमंत्री ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए मूंग के साथ बोई गई उड़द फसल पर 600 रुपये प्रति क्विंटल विशेष बोनस देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार ने इस वर्ष 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से रिकॉर्ड गेहूं खरीदी की है। करीब 14 लाख किसानों से गेहूं खरीदकर प्रदेश ने देश में नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
यह महत्वपूर्ण घोषणाएं मुख्यमंत्री ने शुजालपुर में किसानों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ सुनने के बाद किसानों को संबोधित करते हुए कीं। इस दौरान उन्होंने किसानों से सीधा संवाद कर सरकार की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी भी साझा की।
मुख्यमंत्री ने गौवंश संरक्षण, नई गौशालाओं के निर्माण तथा दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए संचालित योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और ग्रामीण विकास को नई गति देने के लिए लगातार प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं से किसानों और ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है तथा इसे किसान कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





