अनूपपुर पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन : 22 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ तस्कर दबोचा, बाइक समेत लाखों का माल जब्त
अनूपपुर जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में चौकी वेंकटनगर थाना जैतहरी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से अवैध अंग्रेजी शराब लेकर मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही चौकी वेंकटनगर पुलिस ने ग्राम कदमसरा क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG12AQ1027 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान बाइक पर रखी बोरी और बैग में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान इतवार सिंह पिता बान सिंह (30 वर्ष) निवासी ग्राम बेतलो, थाना पसान, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई है।
पुलिस ने क्या-क्या किया जब्त
▪️ 126 नग गोवा व्हिस्की क्वार्टर (180 एमएल)
▪️ कुल शराब मात्रा – 22.68 लीटर
▪️ शराब की अनुमानित कीमत – ₹17,010
▪️ स्प्लेंडर मोटरसाइकिल – लगभग ₹50,000
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा पूरे नेटवर्क और शराब परिवहन के स्रोत की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी वेंकटनगर उप निरीक्षक प्रवीण कुमार साहू, सहायक उप निरीक्षक सुरेश कुमार अहिरवार, आरक्षक विजय टाटू एवं सोनू पर्ते की सराहनीय भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की तत्परता और मुस्तैदी की प्रशंसा की है।
अवैध शराब के खिलाफ लगातार हो रही कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं पुलिस ने साफ संकेत दिए हैं कि जिले में अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।





