बिजुरी हत्याकांड: बीजेपी का बड़ा कदम, मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर थाना प्रभारी को निलंबित करने और सूक्ष्म जांच की मांग
अनूपपुर ।
जिले के बिजुरी थाना क्षेत्र में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं और दोहरे हत्याकांड की आशंका को लेकर भारतीय जनता पार्टी जिला इकाई अनूपपुर ने कड़ा रुख अपनाया है। भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम के नेतृत्व में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, अनूपपुर के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप अहिरवार और पुलिस अधीक्षक अनूपपुर को एक पत्र भेजा है। इस पत्र के माध्यम से बिजुरी में कानून व्यवस्था की स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए थाना प्रभारी को तुरंत निलंबित करने और पूरे मामले की सूक्ष्म जांच कराने की पुरजोर मांग की गई है।
सौंपे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि 20 मई 2026 की रात लगभग 9:00 बजे बिजुरी की एक नाबालिग युवती की शासकीय चिकित्सालय बिजुरी में गंभीर रूप से घायल होने के कारण मृत्यु हो गई थी। युवती के परिजन, स्थानीय जन समुदाय और उसके जीवित रहते संपर्क में रहे लोग इस घटना को सामूहिक बलात्कार और हत्या का मामला मान रहे हैं। इसके ठीक बाद, इस पूरी घटना के चश्मदीद साक्षी रहे अमन यादव, जो कथित तौर पर घटना का प्रत्यक्षदर्शी था, उसकी लाश भी 23 मई 2026 को बौरीडांड रेलवे स्टेशन के नजदीक संदिग्ध और मृत अवस्था में पाई गई। क्षेत्र की जनता और पीड़ित परिवार इस दूसरी मौत को भी सुनियोजित हत्या की आशंका के रूप में देख रहे हैं।

भाजपा पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन की शुरुआती भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। पत्र में आरोप लगाया गया है कि पुलिस थाना बिजुरी द्वारा एमएलसी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट स्पष्ट न होने का तर्क देकर इस पूरे संवेदनशील मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। पार्टी का कहना है कि यह मामला एक योजनाबद्ध सामूहिक बलात्कार और चश्मदीद गवाह की दोहरी हत्या का प्रतीत होता है, लेकिन पुलिस द्वारा इसे एक सामान्य घटना में परिवर्तित कर लीपापोती करने का प्रयास किया जा रहा है। कुछ दिनों पूर्व ही इस नगर में एक और नृशंस दोहरा हत्याकांड हो चुका है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और बिजुरी का आम नागरिक पूरी तरह भयभीत है।
जनता के बीच पुलिस प्रशासन और कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास बहाल करने के लिए भारतीय जनता पार्टी जिला अनूपपुर ने इस मामले में तत्काल और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पत्र पर जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम, पूर्व जिला अध्यक्ष बृजेश गौतम, पूर्व जिला प्रत्याशी आधाराम वैश्य, जिला उपाध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता और जितेन्द्र मदान सहित कई प्रमुख पदाधिकारियों के हस्ताक्षर हैं। इन सभी नेताओं ने एकजुट होकर मांग की है कि बिजुरी थाना प्रभारी को अविलंब उनके पद से हटाया जाए और पूरे घटनाक्रम की किसी निष्पक्ष व उच्च स्तरीय एजेंसी से गहनता से जांच कराकर अपराधियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाए।




