सीधी ब्रेकिंग: घर में लगी भीषण आग, 3 मासूम बच्चों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत, गांव में मातम
सीधी।
जमोड़ी थाना क्षेत्र के कशिहवा गांव में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। अचानक एक घर में आग लग गई और कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में घर के अंदर मौजूद 6 से 10 वर्ष की उम्र के तीन मासूम बच्चे बाहर नहीं निकल सके और उनकी मौके पर ही जलकर दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के समय घर में कोई बड़ा सदस्य मौजूद नहीं था। बच्चों के पिता मजदूरी पर गए हुए थे, जबकि मां घर से बाहर कोटा में गल्ला लेने गई थी। इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरे घर में फैल गई। स्थानीय लोगों के पहुंचने से पहले ही आग ने विकराल रूप ले लिया था।

ग्रामीणों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद चुरहट से दमकल टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक तीनों मासूमों की जान जा चुकी थी। आग को आसपास के घरों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। कलेक्टर सहित अन्य अधिकारी भी स्थल पर मौजूद रहे और राहत व जांच के निर्देश दिए। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, जांच जारी है।
इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है और माहौल बेहद गमगीन बना हुआ है।





