सीएनआई चर्च फ़िरोज़पुर सिटी में नवनियुक्त पादरी रेव. डॉ. सरवन मसीह का भव्य स्वागत…



फरीदकोट/ फ़िरोज़पुर (अलेक्जेंडर डिसूजा): सीएनआई (चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया) फ़िरोज़पुर सिटी चर्च में एक विशेष और गरिमामयी स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में चर्च की विभिन्न कमेटियों और पूरे मसीह समुदाय द्वारा नवनियुक्त प्रेस्बिटर इंचार्ज रेव. डॉ. सरवन मसीह का बेहद गर्मजोशी और उत्साह के साथ स्वागत किया गया।
इस गरिमामयी समारोह की शुरुआत पवित्र बाइबल के वचनों से हुई। कार्यक्रम के दौरान पास्टरेट कमेटी, डब्ल्यू.एफ.एस.सी. (WFSC), संडे स्कूल, यूथ विंग और पूरे चर्च कॉन्ग्रिगेशन (संगति) ने एकजुट होकर नए पादरी साहिब को फूलों के गुलदस्ते भेंट किए और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। चर्च के युवाओं और बच्चों ने स्वागत गीत गाकर माहौल को और भी आनंदमय बना दिया।
प्यार और एकता का संदेश:
इस मौके पर संगति को संबोधित करते हुए नवनियुक्त प्रेस्बिटर इंचार्ज रेव. डॉ. सरवन मसीह ने पवित्र वचन का हवाला देते हुए संगति का धन्यवाद करते हुवे कहा कि “जो भी करो, प्यार से करो”-(1 कुरिन्थियों 16:14) उन्होंने कहा कि चर्च की उन्नति, समाज सेवा और प्रभु के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए आपसी प्रेम और एकता सबसे महत्वपूर्ण है।
संगति ने दिया सहयोग का भरोसा:
समारोह के अंत में चर्च की पास्टरेट कमेटी और अन्य विंग्स के पदाधिकारियों ने रेव. डॉ. सरवन मसीह को विश्वास दिलाया कि चर्च के हर कार्य और सामाजिक भलाई के मिशन में पूरी संगति उनका बढ़-चढ़कर सहयोग करेगी। इस अवसर पर भारी संख्या में मसीह समाज के लोग और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। सभी ने नए पादरी साहिब के सफल कार्यकाल के लिए प्रार्थना की।
न्यूज़ 16-1
फोटोज़: समारोह की झलकियां।




