जोरा सड़क हादसे में बड़ा खुलासा: आरोपी स्कॉर्पियो धमतरी से ट्रेस, पशु तस्करों पर लगे आरोपों की भी जांच तेज
विनय द्विवेदी, ब्यौहारी।
शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में हुए चर्चित सड़क हादसे में भाजपा नेता राहुल द्विवेदी और अतुल तिवारी की मौत के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कई दिनों से चल रही जांच और तकनीकी पड़ताल के बाद पुलिस ने हादसे में शामिल संदिग्ध वाहन को चिन्हित कर लिया है।
पुलिस जांच में रीवा से शहडोल तक के टोल प्लाजा और मार्गों के CCTV फुटेज खंगाले गए, जिसमें हादसे के बाद एक संदिग्ध सफेद स्कॉर्पियो दिखाई दी। जांच के आधार पर वाहन क्रमांक CG 04 LF 3043 को ट्रेस करते हुए पुलिस छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले तक पहुंच गई।
क्षतिग्रस्त हालत में मिली स्कॉर्पियो
पुलिस को जांच के दौरान स्कॉर्पियो वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त मिला, जिससे हादसे से उसके संबंध की पुष्टि होने लगी। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर वाहन मालिक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

10 मई को मिले थे दोनों युवकों के शव
गौरतलब है कि 10 मई की सुबह ग्राम टिहकी के समीप सड़क किनारे भाजपा नेता राहुल द्विवेदी एवं अतुल तिवारी के शव बरामद हुए थे। दोनों युवक बाइक से शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। प्रारंभिक आशंका थी कि किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।
हत्या की आशंका पर हुआ था चक्काजाम
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने रीवा-शहडोल राज्यमार्ग पर चक्काजाम कर हत्या की आशंका जताई थी। ग्रामीणों ने पशु तस्करों पर संदेह व्यक्त करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी।
स्थिति को संभालने के लिए पुलिस प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में दोनों शवों का मेडिकल कॉलेज शहडोल में दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। इसके पश्चात ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और जल्द खुलासे की मांग की।

वाहन मालिक ने क्या बताया?
थाना प्रभारी ब्यौहारी के अनुसार पूछताछ में वाहन मालिक ने बताया कि वह परिवार के साथ इलाहाबाद से छत्तीसगढ़ लौट रहा था। इसी दौरान टिहकी गांव के पास अचानक बाइक सवार वाहन के सामने आ गए, जिससे दुर्घटना हो गई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। वहीं ग्रामीणों द्वारा लगाए गए पशु तस्करी और हत्या के आरोपों को लेकर भी पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल में जुटी हुई है।





