सरकारी अस्पताल में मुफ्त एक्स-रे के नाम पर वसूली? बिरसिंहपुर पाली स्वास्थ्य केंद्र पर उठे सवाल
मध्य प्रदेश | उमरिया | बिरसिंहपुर पाली
रिपोर्ट — फैज मोहम्मद
उमरिया जिले के आदिवासी बहुल क्षेत्र बिरसिंहपुर पाली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरसिंहपुर पाली एक बार फिर चर्चाओं में है। यहां एक्स-रे सेवा के नाम पर मरीज से ₹800 लिए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बिना डॉक्टर को दिखाए ही एक्स-रे टेक्नीशियन द्वारा मरीज का एक्स-रे कर प्लास्टर कर दिया गया और इसके एवज में ₹800 की राशि ले ली गई।
सबसे हैरानी की बात यह है कि सरकारी अस्पतालों में सामान्य रूप से एक्स-रे जैसी जांच सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं, लेकिन इसके बावजूद मरीज से पैसे लिए जाने के आरोप ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मरीज ने स्वयं कैमरे के सामने यह बात कही है कि उससे ₹800 लिए गए। हालांकि वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन मरीज के बयान के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं के लिए पर्याप्त बजट और कर्मचारियों को मोटा वेतन दिए जाने के बावजूद यदि गरीब और आदिवासी मरीजों से इस तरह वसूली की जा रही है, तो यह बेहद चिंताजनक है।
क्षेत्रीय नागरिकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं कि आखिर अस्पताल में मरीजों से अवैध वसूली कैसे हो रही है।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और क्या आदिवासी अंचल के मरीजों को वास्तव में मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल पाएगा या नहीं।
इनका कहना है:
मैं इस पर कुछ नहीं कहूंगा आप उच्च अधिकारी दे बात कीजिए।
डाक्टर पी एल सागर ( BMO बिरसिंहपुर पाली। )
आप शाम 06 बजे ऑफिस आए मिलकर बताते हैं।
डाक्टर वी एस चंदेल (CMHO उमरिया)





