अनूपपुर में भीषण गर्मी के चलते नर्सरी से 8वीं तक के स्कूल बंद
अनूपपुर, 25 अप्रैल।
।जिले में लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। जिला शिक्षा अधिकारी, अनूपपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार कक्षा नर्सरी से 8वीं तक के सभी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए 30 अप्रैल 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है।
आदेश में कहा गया है कि भीषण गर्मी के कारण छात्रों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। यह आदेश जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, अनुदानित तथा सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों पर लागू होगा।
हालांकि, शिक्षकों के लिए अवकाश घोषित नहीं किया गया है। सभी शिक्षक एवं विद्यालय स्टाफ को नियमित रूप से स्कूल में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा और इसका पालन सुनिश्चित किया जाएगा। आदेश को कलेक्टर की स्वीकृति प्राप्त है।
प्रशासन के इस निर्णय से अभिभावकों ने राहत की सांस ली है, वहीं छात्रों को भी भीषण गर्मी से अस्थायी राहत मिलेगी।





