ब्रेकिंग: मुख्यमंत्री मोहन यादव का अमरकंटक दौरा आज, प्रशासन अलर्ट—मिनट टू मिनट कार्यक्रम जारी
अनूपपुर।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव 13 अप्रैल को जिले के अमरकंटक प्रवास पर रहेंगे। उनके दौरे को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा आधिकारिक रूप से विस्तृत मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जारी किया गया है, जिसके बाद जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर 12:45 बजे भोपाल स्थित स्टेट हैंगर से विमान द्वारा प्रस्थान करेंगे और 1:20 बजे डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद 1:30 बजे हेलीकॉप्टर से रवाना होकर 2:15 बजे अमरकंटक के मेला ग्राउंड हेलीपैड पर आगमन होगा।
अमरकंटक में मुख्यमंत्री लगभग सवा दो घंटे रुकेंगे और विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इसके बाद शाम 4:30 बजे हेलीकॉप्टर से पुनः प्रस्थान कर 5:35 बजे डुमना एयरपोर्ट जबलपुर पहुंचेंगे और वहां से 5:25 बजे (निर्धारित समयानुसार) विमान द्वारा भोपाल के लिए रवाना होकर शाम 6:00 बजे स्टेट हैंगर पहुंचेंगे।
विशेष सुरक्षा और प्रशासनिक निर्देश भी जारी
मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी पत्र (क्रमांक HCM PRG/162/2026, दिनांक 12-04-2026) में संबंधित जिलों—जबलपुर, अनूपपुर, शहडोल एवं भोपाल—के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, कमिश्नर और आईजी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि मुख्यमंत्री को ‘Z+’ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है, ऐसे में सुरक्षा के कड़े इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही हेलीपैड के कोऑर्डिनेट्स, लैंडिंग परमिशन, विमान एवं हेलीकॉप्टर की सुरक्षा, पायलटों के ठहरने और वाहन व्यवस्था (इनोवा) सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अतिरिक्त सुरक्षा टीम के अग्रिम पहुंचने, उनके ठहरने एवं परिवहन की व्यवस्था, लायजनिंग अधिकारी की नियुक्ति तथा वायरलेस संचार व्यवस्था को भी सुनिश्चित करने को कहा गया है। राज्य स्तरीय सिचुएशन रूम को भी अलर्ट पर रखा गया है।
श्रद्धांजलि सभा में होंगे शामिल
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ प्रचारक रहे भगवत शरण माथुर की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम ‘नर्मदे हर सेवा’ द्वारा आयोजित किया जा रहा है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता रामलाल रौतेल ने मुख्यमंत्री के दौरे की पुष्टि करते हुए आमजन से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर पूरे क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं और प्रशासन हर स्तर पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।





