बाबा साहब की प्रतिमा से छेड़छाड़ पर भड़का मानपुर: प्रशासन की तत्परता से टला बड़ा विवाद, इलाके में बढ़ी पुलिस निगरानी
उमरिया/मानपुर। नगर परिषद मानपुर के वार्ड क्रमांक 12 स्थित डंडी टोला में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना ने पूरे इलाके में आक्रोश और तनाव का माहौल पैदा कर दिया। बीती रात अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा प्रतिमा को आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिकों में भारी नाराजगी देखने को मिली। खास बात यह है कि यह प्रतिमा हाल ही में 14 अप्रैल 2026 को बाबा साहब की जयंती के अवसर पर स्थापित की गई थी।
घटना की जानकारी मिलते ही वार्डवासियों ने तत्काल थाना मानपुर और स्थानीय प्रशासन को सूचित किया। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी मानपुर मुकेश मार्शकोले, तहसीलदार पंकज नयन तिवारी, नायब तहसीलदार सनथ सिंह, रामलाल पनिका, मुख्य नगरपालिका अधिकारी राजेंद्र कुशवाहा एवं पटवारी सतीश कोल मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए क्षतिग्रस्त प्रतिमा का तत्काल सुधार कार्य भी कराया, जिससे स्थिति को बिगड़ने से रोका जा सका।
घटना के बाद प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि सामाजिक माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस लगातार इलाके में निगरानी बनाए हुए है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
थाना प्रभारी मुकेश मार्शकोले ने बताया कि वार्ड क्रमांक 12 निवासी संजू चौधरी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटना में शामिल उपद्रवियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं नगर परिषद के मुख्य नगरपालिका अधिकारी राजेंद्र कुशवाहा ने कहा कि प्रतिमा स्थल की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए जल्द ही वहां सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा नगर परिषद की आगामी बैठक में प्रतिमा स्थल पर छतरी और रेलिंग निर्माण का प्रस्ताव भी रखा जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि बाबा साहब अंबेडकर केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और सम्मान के प्रतीक हैं, इसलिए इस तरह की घटनाएं समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास हैं।
फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।





