संवेदनशील प्रशासन की मिसाल: कलेक्टर ने दिव्यांग को दिलाई ट्राइसाइकिल
शहडोल, 1 अप्रैल 2026।
जिले में संवेदनशील प्रशासन का एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने एक दिव्यांग व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से लेते हुए त्वरित समाधान कर मानवता का परिचय दिया।
बुढार क्षेत्र के इमली टोला निवासी नरेंद्र कुमार, जो पैरों से अति दिव्यांग हैं, लंबे समय से आवागमन की समस्या से जूझ रहे थे। सीमित संसाधनों के कारण उनका दैनिक जीवन काफी कठिन हो गया था।
बताया जाता है कि झूला तिराहे के पास से गुजरते समय कलेक्टर की नजर नरेंद्र कुमार पर पड़ी। उन्होंने तत्काल वाहन रुकवाकर उनसे बातचीत की और उनकी समस्या जानी। नरेंद्र ने ट्राइसाइकिल की आवश्यकता बताई, जिस पर कलेक्टर ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें कलेक्ट्रेट भेजा।
सामाजिक न्याय विभाग के माध्यम से नरेंद्र कुमार को निःशुल्क ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई गई। ट्राइसाइकिल मिलने के बाद उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए प्रशासन और सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह घटना दर्शाती है कि जब प्रशासन संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करता है, तो जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव संभव हो जाता है।


