सोन नदी में डूबे 14 वर्षीय आलोक का शव बरामद, पूरे क्षेत्र में पसरा मातम
उमरिया।
जिले के इंदवार थाना क्षेत्र अंतर्गत सोन नदी के भोलगढ़ घाट में डूबे 14 वर्षीय आलोक द्विवेदी का शव शनिवार सुबह बरामद कर लिया गया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम आलोक अपने साथियों आनंद द्विवेदी और आकाश द्विवेदी के साथ नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान तीनों किशोर अचानक गहरे पानी में चले गए। स्थानीय लोगों की मदद से आनंद और आकाश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन आलोक नदी की तेज धारा में लापता हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, एनडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे तथा देर शाम तक सघन सर्च अभियान चलाया गया। हालांकि अंधेरा होने के कारण तलाश अभियान को रोकना पड़ा। शनिवार सुबह पुनः खोज अभियान शुरू होने से पहले ही आलोक का शव नदी में तैरता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस हृदयविदारक घटना से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रशासन ने लोगों से नदी और जलाशयों में सावधानी बरतने तथा बच्चों पर विशेष निगरानी रखने की अपील की है।
रिपोर्ट: फैज मोहम्मद, उमरिया






