उमरिया में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: 26 हजार की अवैध शराब और लाहन जब्त, 8 प्रकरण दर्ज
उमरिया।
जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध मदिरा और लाहन जब्त किया है। कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब के संग्रहण और विक्रय पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी अभियान के तहत आबकारी वृत्त उमरिया की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कई आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की।
वृत्त प्रभारी दिनकर सिंह तिवारी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान घघराड निवासी सतीश गुप्ता के कब्जे से 28 पाव प्लेन शराब, 12 केन बीयर और बीयर की बोतलें बरामद की गईं। वहीं रामफल सेन के पास से 12 पाव प्लेन शराब जब्त की गई।
कार्रवाई के दौरान सुखिया प्रजापति के कब्जे से 5 लीटर हाथ भट्टी शराब बरामद हुई। इसी तरह नैगवां टोला में महेश बर्मन के पास से 6 लीटर और संजय कुमार बर्मन के कब्जे से 4 लीटर हाथ भट्टी शराब जब्त की गई।
आबकारी टीम ने लालपुर निवासी दुर्गा बाई के यहां दबिश देकर 2 लीटर हाथ भट्टी शराब और 60 किलोग्राम लाहन बरामद किया। वहीं वर्षा कोल के कब्जे से भी 60 किलोग्राम लाहन और 2 लीटर हाथ भट्टी शराब जब्त की गई। रमपुरी क्षेत्र में मंजू बाई के पास से 11 लीटर हाथ भट्टी शराब बरामद होने पर कार्रवाई की गई।
आबकारी विभाग ने पूरे अभियान के दौरान कुल 8 प्रकरण दर्ज कर उन्हें विवेचना में लिया है। विभाग के अनुसार जब्त की गई अवैध शराब और अन्य सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 26 हजार रुपये आंकी गई है।
इस कार्रवाई में आबकारी आरक्षक कविता सिंह, राजपति प्रजापति, अंजली गौतम और जीवन लाल कोल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विभाग का कहना है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





