जनगणना 2027 में बड़ा बदलाव: लिव-इन रिलेशनशिप को मिलेगा ‘शादीशुदा’ का दर्जा
नई दिल्ली।
भारत की आगामी जनगणना 2027 को लेकर एक महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है, जो बदलते सामाजिक परिदृश्य को दर्शाती है। सेंसस के सेल्फ-एन्यूमरेशन पोर्टल पर जारी FAQ के अनुसार, अब लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे कपल्स को भी कुछ परिस्थितियों में शादीशुदा के रूप में दर्ज किया जाएगा।
जारी दिशा-निर्देशों के मुताबिक, यदि कोई महिला और पुरुष बिना औपचारिक विवाह के एक ही घर में लंबे समय से ‘स्थिर संबंध’ (स्टेबल रिलेशनशिप) में रह रहे हैं, तो उन्हें जनगणना में विवाहित श्रेणी में शामिल किया जा सकता है। यह वर्गीकरण पूरी तरह से संबंधित कपल के स्वयं के बयान पर आधारित होगा।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, यह कदम देश में बदलती सामाजिक संरचना और पारिवारिक व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है, ताकि जनगणना के आंकड़े अधिक यथार्थ और समावेशी बन सकें।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस निर्णय से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे लोगों की वास्तविक संख्या का बेहतर आकलन हो सकेगा और नीति निर्माण में भी मदद मिलेगी। हालांकि, इस विषय पर सामाजिक और कानूनी बहस की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
गौरतलब है कि भारत में पिछली जनगणना 2011 में हुई थी, जबकि 2021 की जनगणना कोविड-19 महामारी के कारण स्थगित हो गई थी। अब 2027 की जनगणना को तकनीकी रूप से अधिक उन्नत और डिजिटल बनाने की तैयारी की जा रही है।





