जवाहर नवोदय विद्यालय चुरहट में जल पखवाड़ा का आयोजन, छात्र-छात्राओं ने दिया जल संरक्षण का संदेश
संजीव गुप्ता की रिपोर्ट सीधी चुरहट

जवाहर नवोदय विद्यालय चुरहट में जल पखवाड़ा का आयोजन, छात्र-छात्राओं ने दिया जल संरक्षण का संदेश
पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय चुरहट में भारत सरकार के जल शक्ति मिशन के अंतर्गत 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक जल पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य “जल ही जीवन है” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना एवं सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी.के. त्रिपाठी ने बताया कि इस पखवाड़े के तहत छात्रों को वर्षा जल संचयन, शुद्ध पेयजल का महत्व तथा पानी की प्रत्येक बूंद के संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान श्री सतीश रहाटे द्वारा विद्यार्थियों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई।
अकादमिक इंचार्ज श्री रुपेश चौधरी ने शुद्ध पेयजल के महत्व पर प्रकाश डाला, वहीं सीसीए इंचार्ज श्री आर.पी. पटेल ने गीत के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश दिया। छात्रा प्रियंका पटेल ने ओजस्वी भाषण प्रस्तुत कर जल की महत्ता को रेखांकित किया, जबकि सुधीर सरोज ने “मैं पानी की बूंद हूं” कविता के माध्यम से जल बचाने का संदेश दिया।
शिक्षिका पूनम मिश्रा एवं छात्र रावेंद्र कुशवाहा ने इलेक्ट्रॉनिक बैनर के जरिए सोशल मीडिया पर जल संरक्षण का प्रचार-प्रसार किया। पखवाड़े के दौरान निबंध लेखन, कविता लेखन, वाद-विवाद, पोस्टर निर्माण, नारा लेखन, प्रश्नोत्तरी एवं मॉडल निर्माण जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन
शासकीय कन्या शाला चुरहट में आयोजित ‘अवनि नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम में भी विद्यालय की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। छात्राओं ने चित्रकला (ऑन द स्पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता) एवं नारी शक्ति विषय पर नुक्कड़ नाटक में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्राचार्य डॉ. डी.के. त्रिपाठी, अकादमिक इंचार्ज श्री रुपेश चौधरी, आर्ट शिक्षिका माधुरी वर्मा एवं संगीत शिक्षक आर.पी. पटेल के मार्गदर्शन में छात्राओं ने यह उपलब्धि हासिल की।





