तिलक कार्यक्रम में कट्टा लहराकर दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद
सतना। जिले के सभापुर थाना क्षेत्र में तिलक कार्यक्रम के दौरान अवैध कट्टा लहराकर दहशत फैलाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 बोर का अवैध कट्टा भी जप्त किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय कोरी (21 वर्ष) पिता राजकिशोर कोरी, निवासी तिघरा के रूप में हुई है। आरोपी द्वारा समारोह के दौरान हथियार लहराकर लोगों में भय का माहौल बनाया गया था, जिसके बाद सभापुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया।
आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 11/13 एडी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई सभापुर थाना प्रभारी निरीक्षक शंखधर द्विवेदी के नेतृत्व में की गई। टीम में सहायक उप निरीक्षक करण सिंह, आरक्षक शुभम सिंह एवं अमितेश जायसवाल शामिल रहे।





