भालू के हमले से महिला को ग्रामीणों ने बचाया, सूझबूझ और बहादुरी से टला बड़ा हादसा
उमरिया | पत्रकार फैज मोहम्मद
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के धमोखर बफर क्षेत्र में रविवार सुबह ग्रामीणों की बहादुरी और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। तेंदूपत्ता संग्रहण के दौरान भालू के अचानक हमले का शिकार हुई महिला की जान आसपास मौजूद ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाकर बचा ली।
जानकारी के अनुसार ग्राम गौरैया निवासी मीरा सिंह पिता गजराज सिंह अपने परिवार एवं अन्य ग्रामीणों के साथ सुबह करीब 8 बजे तेंदूपत्ता तोड़ने जंगल गई थीं। घटना गौरैया बीट के कक्ष क्रमांक पीएफ-160 की बताई जा रही है। इसी दौरान जंगल में विचरण कर रहे भालू ने अचानक मीरा सिंह पर हमला कर दिया और उनके दाहिने पैर में दांत गड़ा दिए।
महिला की चीख-पुकार सुनते ही मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने घबराने के बजाय साहस का परिचय दिया। ग्रामीणों ने तेज आवाज और शोर मचाकर भालू को वहां से खदेड़ दिया, जिससे महिला की जान बच सकी। ग्रामीणों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घायल महिला को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। फिलहाल महिला की हालत सामान्य बताई जा रही है।
घटना को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने अपील की है कि तेंदूपत्ता संग्रहण के लिए लोग समूह में ही जंगल जाएं तथा सुबह 8 बजे के बाद ही जंगल में प्रवेश करें।
बीटीआर क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि मानव-वन्यप्राणी संघर्ष की घटनाओं को रोकने के लिए क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों को आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है।





