आशा भोसले का निधन, कार्डियक अरेस्ट के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में थीं भर्ती

मशहूर गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया है. शनिवार (11 अप्रैल) को दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था.
ब्रीच कैंडी अस्पताल के डॉ. प्रतीत समदानी ने बीबीसी मराठी को उनके निधन की जानकारी दी.
आशा भोसले फेफड़ों की बीमारी और उम्र संबंधी अन्य बीमारियों से जूझ रही थीं.
डॉ. समदानी ने बताया कि उनकी मृत्यु ‘मल्टी-ऑर्गन फेल्योर ‘ के कारण हुई.
महाराष्ट्र के संस्कृति मामलों के मंत्री आशीष शेलार ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार सोमवार (13 अप्रैल) को शाम 4 बजे शिवाजी पार्क श्मशान घाट में किया जाएगा
92 वर्षीय आशा भोसले का इलाज इमर्जेंसी मेडिकल सर्विसेज़ यूनिट में चल रहा था.
शनिवार को उनकी छोटी बहन ऊषा मंगेशकर ने बीबीसी न्यूज़ हिंदी के सहयोगी रवि जैन से आशा भोसले के अस्पताल में भर्ती कराए जाने की पुष्टि की थी.
ऊषा मंगेशकर को जब यह ख़बर मिली तब वो पुणे में थीं और ख़बर मिलने के बाद वह फ़ौरन मुंबई के लिए निकल गई थीं.





