- *ब्यौहारी में संचालित कॉलेज की मान्यता पर उठे सवाल, विश्वविद्यालय और नोडल कॉलेज ने अनभिज्ञता जताई*
*संभागीय ब्यूरो विनय द्विवेदी, शहडोल।*
शहडोल जिले के ब्यौहारी नगर के पपौंध रोड स्थित सूखा तिराहे के पास संचालित एक निजी शिक्षा केंद्र “सेम ग्लोबल” की मान्यता और संबद्धता को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय स्तर पर संचालित इस संस्थान के संबंध में की गई पड़ताल में दावा किया गया कि इसकी जानकारी न तो क्षेत्रीय विश्वविद्यालय और न ही नोडल कॉलेज को है।
जानकारी के अनुसार, संवाददाता द्वारा इस संस्थान की संबद्धता एवं मान्यता के संबंध में जानकारी लेने के लिए दिए गए मोबाइल नंबरों पर संपर्क किया गया। बातचीत के दौरान एक व्यक्ति ने स्वयं को शासकीय विद्यालय तिखवा में कार्यरत शिक्षक बताते हुए कहा कि संस्थान का संचालन भोपाल स्तर से किया जा रहा है तथा इसका स्थानीय विश्वविद्यालय या नोडल कॉलेज से कोई संबंध नहीं है।
दूसरी ओर, जब इस संबंध में क्षेत्रीय पंडित शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय तथा पंडित रामकिशोर शुक्ल महाविद्यालय से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, तो संबंधित अधिकारियों ने संस्थान की जानकारी होने से इनकार किया।
विशेषज्ञों का कहना है कि उच्च शिक्षा से संबंधित विभिन्न पाठ्यक्रम संचालित करने के लिए संबंधित विश्वविद्यालय, नियामक संस्थाओं एवं शासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन, आवश्यक अनुमति, पर्याप्त भवन, आधारभूत सुविधाएं तथा वैध संबद्धता अनिवार्य होती है।
ऐसे में प्रश्न उठ रहा है कि यदि स्थानीय स्तर पर संबंधित विश्वविद्यालय, नोडल कॉलेज अथवा प्रशासन को इस संस्थान की जानकारी नहीं है, तो यहां प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की डिग्री, परीक्षा और मार्कशीट किस संस्था के माध्यम से जारी की जाएगी? यदि भविष्य में मान्यता संबंधी कोई विवाद उत्पन्न होता है, तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी?
फिलहाल इन सवालों को लेकर विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। मामले में संबंधित संस्थान, उच्च शिक्षा विभाग तथा जिला प्रशासन का आधिकारिक पक्ष सामने आना अभी बाकी है। यदि संबंधित पक्ष अपना स्पष्टीकरण देता है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
*इनका कहना -*
यहां बच्चों का कैरियर काउंसलिंग किया जाएगा, बाकी सब कुछ भोपाल से होना है जो बोर्ड लगा हुआ हैं वो गलत लगा है उसको हटवा दिया गया है।
*जीतेन्द्र गुप्ता जित्तू*





